पटना, प्रधान संवाददाता। कड़ाके की ठंड को देखते हुए एक बार फिर पटना जिले में आठवीं तक की कक्षाएं नहीं चलेंगी। सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 18 जनवरी तक कक्षा आठ तक में कोई गतिविधि नहीं होगी। हालांकि कक्षा आठ से ऊपर की कक्षाएं सुबह नौ बजे से अपराह्न साढ़े तीन बजे तक संचालित किए जा सकते हैं। इस संबंध में डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बुधवार को आदेश जारी कर दिया।
डीएम ने आदेश में कहा है कि जिले में अत्यधिक ठंड और कम तापमान की स्थिति बनी हुई है। इसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसीलिए नर्सरी से आठवीं तक स्कूल को पूर्णतः बंद रखा जाए। आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। यहां भी बच्चों से संबंधित किसी प्रकार की गतिविधियां नहीं होंगी। इससे पहले डीएम ने ठंड को देखते हुए 15 जनवरी तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया था। अब इसे 18 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
Post a Comment