विदेशी पिस्टल से दिनदहाड़े शिक्षक को मारी गोली

विदेशी पिस्टल से दिनदहाड़े शिक्षक को मारी गोली

 उचकागांव, एक संवाददाता। शिक्षक अरविंद यादव की हत्या में विदेशी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है। ऑटो सेमी पिस्टल में 4.5 की गोली मारे जाने की बात पुलिस कह रही है। मौके से बरामद खाली कारतूस से यह बात स्पष्ट हुई है। बरामद कारतूस के आधार पर अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि बदमाश अत्याधुनिक और विदेशी हथियार से लैस थे।



शिक्षक की हत्या के बाद ग्रामीण दहशत में हैं। शिक्षक अरविंद यादव की हत्या के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे की हत्या से पिता पुण्यदेव चौधरी, मां पासपति देवी, पत्नी लीलावती देवी, पहलवान राजीव यादव सहित अन्य सदस्य रो बिलख रहे थे। शिक्षक अरविंद यादव की हत्या के बाद श्यामपुर गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर मीरगंज पुलिस इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी, फुलवरिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कैप्टन शाहनवाज अन्य थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही हैं।


आधा दर्जन संदिग्धों को पुलिस ने उठाया : शिक्षक की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर गठित एसआईटी की टीम ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। कुछ वैसे संदिग्ध भी पुलिस की रडार पर हैं।


अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़ सदर अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शिक्षक अरविंद यादव का शव गांव श्यामपुर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया।


परिजनों के रोने से गांव का गमगीन हो उठा। अंतिम दर्शन को लेकर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। युवा, बुजुर्ग, महिला तथा बच्चे तक उनका अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंच कर नम आंखों से विदाई दी।


पत्नी लगातार तीन बार रहीं मुखियाः प्रखंड की झिरवा पंचायत के श्यामपुर गांव निवासी प्रखंड प्रमुख विश्वजीत यादव के पिता अरविंद यादव की समाज में मजबूत पहचान की वजह से उनकी पत्नी लीलावती देवी को वर्ष 2006 से 2021 तक लगातार तीन बार मुखिया बनीं।


2021 के पंचायत चुनाव में बड़े

बेटे विश्वजीत यादव को पंचायत में बीडीसी के पद पर चुनाव में जीत दिलाने में उनकी अहम भूमिका थी। शिक्षक अरविंद यादव के तीन बेटे हैं। जिसमें सबसे बड़े बेटे विश्वजीत यादव प्रखंड प्रमुख हैं।


वहीं दूसरा बेटा सत्यजीत यादव एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि सबसे छोटे बेटे अजीत यादव भी बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं। शिक्षक अरविंद यादव के पिता पुण्यदेव यादव थावे मुखीराम हाई स्कूल से शिक्षक के पद से सेवानिवृत हैं. 

Post a Comment

Previous Post Next Post