22 शहरों में चढ़ेगा पारा, गर्म हवा चलेगी

22 शहरों में चढ़ेगा पारा, गर्म हवा चलेगी

 पटना, मुख्य संवाददाता। पटना सहित 22 शहरों में शुक्रवार को गर्म दिन की चेतावनी जारी की गई है। यानी तापमान बढ़ने के साथ गर्म हवा भी चलेगी। सूबे के अधिकतर जिलों में लू के साथ गर्म दिन की स्थिति बनी हुई है। सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान व पछुआ के प्रभाव के कारण गर्मी से लोग परेशान हैं। सुबह सात के बाद से ही सूरज की किरणें भारी उष्मा लिए धरती पर आ रही हैं।



गुरुवार को सुपौल में हीट वेव और मोतिहारी में प्रचंड लू की स्थिति रही, जबकि पटना सहित अन्य शहर भी लू जैसी स्थिति से दो चार होते रहे। हालांकि 26-30 अप्रैल के बीच उत्तर बिहार के कुछ जिलों में आंधी-पानी व हल्की वर्षा से मौसम में बदलाव के भी आसार बने हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को 6 जिलों पूर्वी चंपारण, सुपौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज एवं भागलपुर जिले के एक या दो स्थानों पर हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट है। गुरुवार को गया 42.6 डिग्री, पटना का 41.4, बक्सर 42.2, शेखपुरा का 41.6, गोपालगंज का 41.4 डिग्री रहा।


यहां बारिश की चेतावनी


26 अप्रैल को उत्तरी भागों के पूर्वी चंपारण, किशनगंज, अररिया, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी में आंधी-पानी के साथ वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। 50-60 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलेगी। पटना व आसपास इलाकों में इसका आंशिक असर दिख सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post