पटना। राज्य में वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के लिए सभी सरकारी स्कूलों में जल पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन सुबह बच्चे जल शपथ ले रहे हैं। शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों द्वारा भी जल शपथ लिये जा रहे हैं।
प्रतिदिन छात्र-शिक्षक ले रहे जल शपथ
केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने देश के सभी राज्यों को अपने-अपने प्रदेश के स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में जल पखवाड़ा मनाने का निर्देश दिया है। उसके अनुपालन में राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में 30 अप्रैल तक जल पखवाड़ा के आयोजन के निर्देश बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक अजय यादव द्वारा राज्य के सभी
जिलों के जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) को दिये गये हैं। यह बात दीगर है कि जल पखवाड़ा 16 अप्रैल से ही है, जबकि राज्य के सरकारी स्कूलों में इसके आयोजन संबंधी निर्देश 23 अप्रैल को जारी हुए हैं।
जल पखवाड़ा सभी जल निकायों की सूची बनाने पर कें द्रित है। इसके साथ ही जल संरक्षण के लिए वैज्ञानिक योजना तैयार किया जाना, सभी जिलों में जल शक्ति केंद्र स्थापित किया जाना, सघन वनीकरण एवं जागरूकता पैदा किया जाना है।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक अजय यादव द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) को दिये गये निर्देश के जल पखवाड़ा में स्कूलों में हरेक कार्यदिवस को सबसे पहले छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारियों द्वारा जल शपथ लिये जा रहे
हैं। विद्यालय शिक्षा समिति द्वारा छात्र-अभिभावक गोष्ठी आयोजित हो रही है। उसमें छात्र, अभिभावक, शिक्षक जल संरक्षण पर चर्चा कर रहे हैं। जल संरक्षण पर कार्यशाला भी होंगे। जीवन में जल संरक्षण संबंधी आदतों को अपनाने के लिए छात्र उत्साहित किये जा रहे हैं।
केंद्र की पहल पर शुरू हुईं गतिविधियां
निर्देश के मुताबिक जिला, प्रखंड, संकुल स्तर पर जल संरक्षण संबंधी प्रतियोगिताएं होंगी। छात्रों के बीच निबंध, क्विज, पेंटिंग प्रतियोगिताएं होंगी। स्कूलों के वेबसाइट पर जल संरक्षण जागरूकता संदेश डाले जायेंगे। जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) को 30 अप्रैल तक आयोजित होने वाली गतिविधियों के कैलेंडर भी भेजे गये हैं।
Post a Comment